जयपुर: हाईकोर्ट को फिर मिला धमकी भरा मेल, जस्टिस सूर्यकांत के दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हाईकोर्ट प्रशासन को ईमेल के जरिए धमकी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई।
सूचना पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। घटना के कारण नियमित सुनवाई करीब आधे घंटे की देरी से सुबह 11 बजे शुरू हो सकी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जस्टिस सूर्यकांत जयपुर आ रहे हैं, जहां वे साइबर सिक्योरिटी सेमिनार का उद्घाटन करेंगे। इसी बीच हाईकोर्ट को तीन दिन में दूसरी बार धमकी मिली है। लगातार मिल रही धमकियों से न्यायालय की कार्यवाही प्रभावित हो रही है।
पिछले लगभग चार महीनों में यह नौवीं बार है जब हाईकोर्ट को धमकी मिली है। 31 अक्टूबर 2025 को पहली बार धमकी भरा मेल आया था। इसके बाद 5 दिसंबर तथा 8, 9, 10 और 11 दिसंबर को भी इसी तरह के मेल मिले। वर्ष 2026 में 6 और 17 फरवरी को भी धमकी दी जा चुकी है।
साइबर लॉ विशेषज्ञ आदर्श सिंघल के अनुसार ऐसे मामलों में आरोपी तक पहुंचना कठिन जरूर होता है, क्योंकि अक्सर वीपीएन का उपयोग कर आईपी एड्रेस बदल दिया जाता है, लेकिन तकनीकी डेटा की मदद से आरोपी तक पहुंचना संभव है।



