केंद्रीय अनुबंध में ईशान और श्रेयस की वापसी, पंत को फायदा; रोहित-विराट ग्रेड ए+ में बरकरार,ग्रेड ए में जुड़ा इनका नाम

स्पोर्ट्स न्यूज़। बीसीसीआई ने साल 2024-2025 के लिए खिलाड़ियों के वार्षिक अनुबंध की सूची का एलान कर दिया है। इस लिस्ट में कुल 34 खिलाड़ी हैं। चार खिलाड़ियों को ए+ ग्रेड में रखा गया है। वहीं, छह खिलाड़ियों को ए ग्रेड में रखा गया है। पांच खिलाड़ी बी ग्रेड और 19 खिलाड़ी सी ग्रेड में हैं। नीतीश रेड्डी, हर्षित राणा, अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती को पहली बार बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध में जगह मिली है। इन सभी को ग्रेड-सी में रखा गया है। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को फायदा हुआ है। वह ग्रेड-बी से ग्रेड- ए में प्रमोट किए गए हैं। इस केंद्रीय अनुबंध की सबसे बड़ी खबर ईशान किशन और श्रेयस अय्यर की इस सूची मे वापसी है। रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध की ए+ श्रेणी में बरकरार रखा गया।
ईशान-श्रेयस को पिछले साल किया गया था बाहर
ईशान और श्रेयस को बीसीसीआई से अनबन के बाद 2023-24 के केंद्रीय अनुबंध की सूची से बाहर होना पड़ा था। बीसीसीआई के कहने के बावजूद ईशान और श्रेयस ने घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया था। हालांकि, अब इन दोनों की वापसी हो गई है। ईशान को ग्रेड-सी और श्रेयस को ग्रेड-बी में रखा गया है। रोहित, विराट और जडेजा टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन इन्हें ग्रेड-ए+ में बरकरार रखा गया है। यानी ये तीनों आगे कुछ समय तक बीसीसीआई के प्लान में होंगे। यह अनुबंध एक अक्तूबर 2024 से लेकर 30 सितंबर 2025 तक के लिए है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद अश्विन को इस सूची से बाहर कर दिया गया है।