मिशन कर्मयोगी के तहत आई-गॉट प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य ऑनबोर्डिंग के निर्देश

रायपुर। राज्य के मुख्य सचिव Vikas Sheel ने सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आई-गॉट प्रशिक्षण कार्यक्रम से अपने विभागों को अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी भी अपने मोबाइल के माध्यम से इस प्लेटफॉर्म से जुड़ें, ताकि उनकी आवश्यकता अनुसार कौशल विकास किया जा सके।
मुख्य सचिव ने विभाग प्रमुखों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण कोर्स तय करें, जिससे अधिकारी-कर्मचारियों को प्रभावी तरीके से प्रशिक्षित किया जा सके। आई-गॉट प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत साधना सप्ताह के अवसर पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी, सचिव, संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव और अनुभाग अधिकारी शामिल हुए। सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।
कार्यशाला में बताया गया कि कर्मचारियों को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म आई-गॉट और ई-एचआरएमएस से जोड़कर उनकी क्षमता और कौशल विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि आई-गॉट प्लेटफॉर्म पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग बढ़ रहा है, जिससे कर्मचारियों को स्मार्ट और प्रभावी प्रशिक्षण मिल सकेगा।
उन्होंने शत प्रतिशत ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर सकारात्मक परिणाम प्राप्त करने पर जोर दिया। कार्यशाला में यह भी बताया गया कि प्रशिक्षण केवल कौशल विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कर्मचारियों में जागरूकता भी बढ़ेगी और वे अपने विभाग की योजनाओं और कार्यप्रणाली को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।



