इंदौर में 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, सीएम मोहन यादव होंगे शामिल…

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में 13 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन करने जा रही है। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन हिस्सा लेंगे। यात्रा ऐतिहासिक राजवाड़ा से शुरू होकर गांधी हॉल तक पहुंचेगी।
35 मंडलों के कार्यकर्ता और विभिन्न संगठन होंगे शामिल...
भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर 11 अगस्त को भाजपा कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें सभी 35 मंडलों के कार्यकर्ताओं को यात्रा में भाग लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही सामाजिक संस्थाएं, खेल संगठन, व्यापारी संघ, औद्योगिक संगठन, युवा और महिला समूह भी इसमें शामिल होंगे, जिससे कार्यक्रम जन-जन का उत्सव बने।
दो चरणों में हुई तैयारी बैठक...
सोमवार को हुई इस तैयारी बैठक में कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया और राऊ विधायक मधु वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक दो चरणों में संपन्न हुई, जिसमें सुरक्षा, रूट मैप और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।
झांकियों में दिखेगा सैन्य सम्मान...
तिरंगा यात्रा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ की झलक भी दिखाई देगी। सेना को सम्मान देने के लिए विशेष झांकियां तैयार की जा रही हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रदेशभर में भाजपा द्वारा तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें इंदौर की यात्रा सबसे प्रमुख मानी जा रही है।