इंडिगो परिचालन संकट का असर : रायपुर में आज भी कई उड़ानें रद्द, फ्लाइट शेड्यूल गड़बड़ाया

रायपुर। इंडिगो के विमान परिचालन में उत्पन्न संकट का प्रभाव रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर लगातार पांचवें दिन भी देखने को मिल रहा है। रविवार को रायपुर से विभिन्न शहरों के लिए जाने और आने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को लंबे इंतजार और असुविधा का सामना करना पड़ा। फ्लाइट शेड्यूल पूरी तरह गड़बड़ाया हुआ है और यात्रियों की भीड़ एयरपोर्ट पर बनी हुई है।
इसी तरह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित है। यहां से संचालित दो उड़ानें, मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट, आज रद्द कर दी गईं। यह उड़ानें क्रमशः 11.05 और 11.25 बजे उड़ान भरने वाली थीं। इसके अलावा बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट में देरी की जानकारी दी गई है, जो निर्धारित समय 8.50 बजे के बजाय 9.15 बजे पहुंचेगी। कुल 13 उड़ानों में से दो फ्लाइट आज प्रभावित रहीं।
इंडिगो की बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने पर नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने सख्त रुख अपनाते हुए इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर एल्बर्स और एकाउंटेबल मैनेजर इसीड्रो पोर्क्यूरस को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। DGCA ने 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है कि उड़ानों में बड़े पैमाने पर रद्दीकरण क्यों हुआ और यात्रियों को भारी असुविधा से क्यों जूझना पड़ा।
परिचालन संकट के चलते यात्रियों को टिकट कैंसिलेशन, देरी और यात्रा योजनाओं में बदलाव जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



