भिलाई को तीन नए ओवरब्रिज की सौगात के संकेत, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने प्रस्ताव को दी सहमति

भिलाई नगर। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए तीन नए ओवरब्रिज की आवश्यकता पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सहमति जताई है। विधायक रिकेश सेन की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव को संबंधित विभाग को भेजते हुए शीघ्र प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक रिकेश सेन ने नेहरू नगर मुख्य चौराहा सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उप मुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की थी। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और नेहरू नगर चौक से अग्रसेन चौक तक ओवरब्रिज की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा।
विधायक सेन ने बताया कि खुर्सीपार, पावर हाउस और सुपेला क्षेत्रों में ओवरब्रिज निर्माण से ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आई है, लेकिन नेहरू नगर चौक में ओवरब्रिज नहीं होने के कारण शाम छह बजे से रात दस बजे तक भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। दिन के समय भी आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने यह भी कहा कि लगातार ट्रैफिक जाम के कारण वाहनों से निकलने वाला धुआं क्षेत्र में वायु प्रदूषण बढ़ा रहा है, जिससे नेहरू नगर और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक निर्धारित मानकों से अधिक दर्ज किया जा रहा है। जाम की स्थिति में वाहनों के बार-बार रुकने और चलने से ईंधन की अधिक खपत होती है और प्रदूषण भी बढ़ता है।
वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा सेक्टर-7 से गुरुद्वारा नेहरू नगर तक ओवरब्रिज का निर्माण किया गया है, लेकिन ब्रिज का उतराव गुरुद्वारे के पास होने के कारण अधिकांश वाहन चालक नीचे नेहरू नगर चौक की ओर ही बढ़ते हैं, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। यदि इस ओवरब्रिज को अग्रसेन चौक तक विस्तारित किया जाए तो ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है और पर्यावरण की स्थिति में भी सुधार होगा।
केंद्रीय मंत्री से प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद भिलाई को तीन नए ओवरब्रिज मिलने के संकेत मिले हैं, जिसे शहरवासियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।



