कैलिफोर्निया में भारतीय छात्र की मौत: दूतावास ने की पुष्टि, पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू

संयुक्त राज्य अमेरिका के कैलिफोर्निया में 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव छह दिन बाद बरामद हुआ है। इसकी पुष्टि भारतीय वाणिज्य दूतावास सैन फ्रांसिस्को ने की है। दूतावास ने परिवार को हर संभव सहायता देने और पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी है।
साकेत को आखिरी बार 9 फरवरी को कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय बर्कले परिसर से लगभग एक किलोमीटर दूर देखा गया था। इसके बाद से वह लापता था। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय समुदाय ने बड़े स्तर पर खोज अभियान चलाया। जांच के दौरान एक पार्क के पास स्थित घर से उसका बैग मिला, जिसमें पासपोर्ट और लैपटॉप रखा था।
साकेत मूल रूप से कर्नाटक का निवासी था और केमिकल व बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। उसने पहले आईआईटी मद्रास से शिक्षा प्राप्त की थी तथा बेंगलुरु के श्री वाणी एजुकेशन सेंटर में भी अध्ययन किया था।
खोज अभियान के दौरान 14 फरवरी को स्थानीय पुलिस ने लेक एंजा से उसका शव बरामद किया, जिसकी आधिकारिक पुष्टि 15 फरवरी को की गई। हाल के वर्षों में विदेशों में भारतीय छात्रों के लापता होने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है।
दूतावास ने बयान जारी कर कहा कि वह परिवार के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीर को जल्द भारत भेजने की व्यवस्था की जा रही है।



