एमपी के इस जिले में रहस्यमयी बीमारी से दो दिनों में 12 मवेशियों की मौत, पशु चिकित्सा विभाग जांच में जुटा

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मवेशियों में फैली एक अज्ञात बीमारी से बीते दो दिनों में 10 से 12 पशुओं की मौत हो गई है। अचानक हुई मौतों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीमार मवेशियों में लार गिरना, पेट फूलना और सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं, जिसके बाद कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो जा रही है।
मामला कोतमा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दूल्ही बांध के मुसवा झोरखी गांव का है। सूचना मिलने पर पशु चिकित्सा विभाग की चलित टीम मौके पर पहुंची और बीमार व स्वस्थ मवेशियों के रक्त नमूने लेकर जांच शुरू की। एहतियातन गांव में टीकाकरण भी किया जा रहा है।
बिजुरी के पशु चिकित्सक डॉ. गुप्ता ने बताया कि प्राथमिक तौर पर मामला फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लैब जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीमारी की सूचना पहले ही निगवानी क्षेत्र के पशु चिकित्सक को दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई। लापरवाही के कारण दो दिनों में कई मवेशियों की जान चली गई। कलेक्टर को जानकारी मिलने के बाद विभाग सक्रिय हुआ और टीम गांव भेजी गई। फिलहाल बीमारी के कारणों की जांच जारी है।



