महासमुंद में पुलिस ने 2 करोड़ के डोडा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंघोडा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में डोडा (अफीम पोस्त) बरामद किया है। इस सिलसिले में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक HR46 F 4848 को रोककर तलाशी ली। वाहन से 1432 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान हरविंदर सिंह (40 वर्ष) और सत्यवान वाल्मीकि (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के करनाल जिले के शांति नगर के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड के मुलमुला क्षेत्र से डोडा पोस्त लोड कर ओडिशा होते हुए रायपुर ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, जब्त डोडा पोस्त की कीमत लगभग 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ख) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।




