जगदलपुर के दंतेश्वरी वार्ड में बुजुर्ग ने पत्नी की हत्या कर खुदकुशी की

जगदलपुर। शहर के दंतेश्वरी वार्ड में आधी रात को एक बुजुर्ग दंपती के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान 73 वर्षीय तारा सिंह और उनकी 70 वर्षीय पत्नी विजय कौर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। बीती रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसे देख घर की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले बेटे और बहू ने नीचे आकर मामला शांत कराया था। परिजनों के ऊपर जाने के बाद रात करीब 2:30 बजे दोबारा विवाद शुरू हो गया। आवेश में आकर तारा सिंह ने लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे विजय कौर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद तारा सिंह ने भी घर के भीतर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बोधघाट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



