बिलासपुर में हुक्का पीते ‘धुएं का छल्ला’ उड़ाना पड़ा भारी, पुलिस ने घर में घुसकर पकड़ा

बिलासपुर। सिविल लाइन पुलिस ने वसुंधरा नगर के एक मकान में छापेमारी कर 6 लोगों को रंगे हाथ हुक्का पीते हुए गिरफ्तार किया है। इनमें चार युवक और तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को थाने ले जाकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी एस.आर. साहू को सूचना मिली थी कि रिंग रोड टू के एक मकान में कुछ लोग देर रात तक पार्टी कर रहे हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लिया और रविवार को पेट्रोलिंग पार्टी के आरक्षक केशव मार्को और पुलिस लाइन के बल के साथ वसुंधरा नगर के उक्त मकान को चारों ओर से घेर लिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विकास ठाकुर (पिता कृशन ठाकुर, जरहाभाटा), अरबाज खान (पिता सुलेखान मंगला), रितेश विश्वकर्मा (पिता जीवन विश्वकर्मा) और तीन नाबालिगों को हुक्का का कश लगाते हुए सोफे पर बैठे हुए पकड़ा। पुलिस ने हुक्का के पाट और तंबाकू के साथ सभी आरोपियों को थाने ले जाकर अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



