सतना के आंगनबाड़ी केंद्र में मासूम से धुलवाए बर्तन, लापरवाही का वीडियो वायरल होने पर विभाग में हड़कंप

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान लग गए हैं। रैगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ललचहा स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक छोटी बच्ची बर्तन धोती नजर आ रही है। इस दौरान केंद्र की सहायिका पास ही कुर्सी पर बैठकर आराम करती दिख रही हैं।
यह मामला नागौद परियोजना क्रमांक-1 के तहत खखरौंधा ग्राम पंचायत के ललचहा आंगनबाड़ी केंद्र का है। यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में राधा रजक और सहायिका के पद पर अंजना लोधी कार्यरत हैं। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि मासूम बच्ची जमीन पर बैठकर बर्तन साफ कर रही है और सहायिका उसकी मदद करने के बजाय बेफिक्र होकर बैठी हैं।
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाया जा रहा है कि बच्ची ने जब आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण आहार की मांग की, तो उसे कथित तौर पर बर्तन धोने के काम में लगा दिया गया। शासन द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कुपोषण से मुक्त करना और उन्हें सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है, लेकिन इस घटना ने विभागीय दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोग इस अमानवीय कृत्य के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच की बात कही है।



