इश्क में भूले सुरक्षा: सरेआम बाइक पर रोमांस, नंबर प्लेट ने खोल दी पोल

कांकेर। वैलेंटाइन वीक के दौरान छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से खतरनाक स्टंट और रोमांस का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक युवक अपनी पल्सर बाइक की टंकी पर युवती को बैठाकर सड़क पर गाड़ी चलाता नजर आ रहा है। युवती युवक की ओर मुंह करके बैठी है और उससे लिपटी हुई है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक तेज रफ्तार में बाइक चला रहा है, जबकि युवती खतरनाक तरीके से पेट्रोल टंकी पर बैठी है। बाइक की नंबर प्लेट से यह स्पष्ट हो रहा है कि वीडियो कांकेर जिले का है। बीच सड़क पर इस तरह से रोमांस और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
यातायात नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा को खतरे में डालने वाली इस हरकत के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस के संज्ञान लेने की उम्मीद जताई जा रही है। इस वायरल वीडियो ने सड़क सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



