बजरंग दल की दोटूक: पार्कों में अश्लीलता मिली तो देंगे दंड, पुलिस ने असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी

रायपुर। वैलेंटाइन डे से एक दिन पहले बजरंग दल के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए। शुक्रवार को कार्यकर्ता राजीव गांधी स्मृति वन सहित अन्य पार्कों में पहुंचे और प्रेमी जोड़ों को समझाइश देते हुए हनुमान चालीसा का वितरण किया। संगठन के पदाधिकारियों ने शनिवार को शहर के सभी पार्कों की निगरानी करने और आपत्तिजनक हरकत पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वैलेंटाइन डे के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए रायपुर पुलिस ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने तीनों जोन के डीसीपी को अपने-अपने क्षेत्र के पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
सादी वर्दी में भी तैनाती
वैलेंटाइन डे पर शहर के सभी उद्यान और सार्वजनिक स्थानों पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी तैनात रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। पुलिस कमिश्नरेट के नार्थ और मध्य क्षेत्र को अधिक संवेदनशील माना गया है, जहां अधिकतर पार्क, मॉल, क्लब और होटल स्थित हैं।
पिछली घटना से सबक
पिछले वर्ष 24 दिसंबर को रायपुर बंद के दौरान मैग्नेटो मॉल में क्रिसमस के अवसर पर तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। अधिकारियों को वैलेंटाइन डे पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बजरंग दल के जिला अध्यक्ष योगेश सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने पार्कों में पहुंचकर युवाओं को सनातन परंपराओं की जानकारी दी और हनुमान चालीसा वितरित की। उन्होंने बताया कि वैलेंटाइन डे के दिन बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता पार्कों की निगरानी करेंगे।



