आईएएस में नियुक्त अधिकारियों ने मुख्यमंत्री साय से की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में राज्य प्रशासनिक सेवा एवं एलाइड सर्विस से भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्त अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। यह पद जनसेवा के व्यापक अवसर प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने कहा कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों की सक्रिय भूमिका से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर आईएएस में नियुक्त तीर्थराज अग्रवाल, लीना कोसम, बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल, आशीष कुमार टिकरिहा, ऋषभ पाराशर और तरुण किरण उपस्थित रहे।



