झारसुगुड़ा में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर और पेट्रोलिंग वाहन की टक्कर में पांच पुलिसकर्मियों की मौत

झारसुगुड़ा। झारसुगुड़ा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर और पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से उनकी गाड़ी की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेट्रोलिंग वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घटना सदर पुलिस स्टेशन के पास की बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने पांच जवानों की मौत की पुष्टि की है। तीन घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



