बरेली में भीषण सड़क हादसा, खड़े टैंकर से टकराई तेज रफ्तार बोलेरो, पांच लोगों की मौत

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत परधोली गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है, जबकि करीब आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो की टक्कर के बाद पीछे से आ रही एक बाइक भी उससे टकरा गई, जिससे स्थिति और अधिक भयावह हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बोलेरो में फंसे शवों को वाहन काटकर बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि संबंधित स्थल पर एक दिन पूर्व शनिवार को भी टैंकर और रोडवेज बस के बीच भिड़ंत हुई थी, जिसके बाद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर वहीं खड़ा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते टैंकर को वहां से हटा दिया जाता, तो रविवार को यह बड़ा हादसा नहीं होता। फिलहाल मृतकों और घायलों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।




