बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा: ड्यूटी पर जा रहे दो आरक्षकों की मौत, पुलिस विभाग में शोक की लहर

बलौदाबाजार। जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। दोनों जवान एक ही बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 11 बजे थाना हथबंद क्षेत्र के उडेला-पौसरी के पास हुआ। आरक्षक धर्मेंद्र यादव और आरक्षक प्रशांतधर दीवान बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में आरक्षक धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वे वर्तमान में साइबर सेल में पदस्थ थे और ग्राम परसबोड़, थाना साजा, जिला बेमेतरा के निवासी थे। वहीं हथबंद निवासी आरक्षक प्रशांतधर दीवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। वे हथबंद में पदस्थ थे और नवागढ़, जिला बेमेतरा के रहने वाले थे।
घटना के बाद बलौदाबाजार पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।



