अंबिकापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से तीन की मौत, एक गंभीर घायल

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में सकालो जंगल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक प्रतापपुर की ओर से आ रही थी, जबकि कार अंबिकापुर की दिशा में जा रही थी। कार में चार लोग सवार थे। इसी दौरान सकालो जंगल के पास ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं।
हादसे में घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



