खौफनाक! गंगा एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित कार ने ढाया कहर, 4 लोगों की मौत से मचा हड़कंप

रायबरेली। गंगा एक्सप्रेस-वे पर सुलतानपुर जनौली के पास रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पैदल जा रहे सात लोगों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में एक किशोरी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात घंटों बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगतपुर के कोडर निवासी रिया पटेल, प्रिया पटेल, हिमांशी, शालिनी, रश्मि, साधना और आसमा चूली गांव में एक भंडारे में शामिल होकर पैदल लौट रही थीं। इसी दौरान सुलतानपुर जनौली के पास कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में हिमांशी और शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आसमा और रश्मि ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस का दरवाजा करीब 30 मिनट तक नहीं खुला। इसके अलावा, लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे दूसरी एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। बाद में घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।



