रायपुर के सदर बाजार में हाईवोल्टेज ड्रामा: ज्वेलरी शोरूम संचालक ने कर्मचारी को बंधक बनाकर पीटा, चोरी और मारपीट की क्रॉस एफआईआर दर्ज

रायपुर। राजधानी के सदर बाजार स्थित सहेली ज्वेलर्स में गहना चोरी के आरोप को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार 23 मार्च की दोपहर की है। शोरूम के कर्मचारी आर्यन शर्मा (20) ने आरोप लगाया है कि सुनील जैन सहित 11 लोगों ने उसे कमरे में बंद कर हाथ-पैर बांध दिए और जेवर चोरी का आरोप लगाते हुए मारपीट की। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
वहीं, दूसरी ओर राकेश कुमार तिवारी (48) ने आर्यन शर्मा के खिलाफ दो नग हीरे और एक जोड़ी सोने के टॉप्स चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई है। चोरी गए गहनों की कीमत 6 लाख 49 हजार 702 रुपये बताई गई है।
दोनों पक्षों ने घटना के तीन दिन बाद गुरुवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



