खंडवा में अतिक्रमण हटाने के दौरान हाईवोल्टेज ड्रामा, सिटी मजिस्ट्रेट और महिला के बीच तीखी बहस का वीडियो वायरल

खंडवा। शहर के रविंद्र नगर गेट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान एक महिला और सिटी मजिस्ट्रेट के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। करीब एक घंटे तक चले हंगामे और विवाद के बाद आखिरकार निगम प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की।
नगर निगम का अमला ईई राधेश्याम उपाध्याय और सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह के नेतृत्व में रविंद्र नगर गेट के पास अवैध निर्माण हटाने पहुंचा था। जैसे ही जेसीबी ने घर के आगे बने ओटले को तोड़ना शुरू किया, वहां रहने वाली महिला मशीन के सामने आकर खड़ी हो गई। महिला ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने और केस दर्ज कराने की धमकी दी।
विवाद के दौरान महिला ने सिटी मजिस्ट्रेट से कहा कि वह पहले उसे गिरफ्तार करें और फिर तोड़फोड़ करें। महिला ने आसपास के अन्य मकानों का हवाला देते हुए पक्षपात का आरोप भी लगाया। महिला के कड़े रुख और धमकियों पर नाराजगी जताते हुए सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह ने स्पष्ट किया कि यह सरकारी जमीन पर अतिक्रमण है और इसे हर हाल में हटाया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर निगम कर्मियों ने महिला को हटाकर जेसीबी की मदद से अवैध ओटले को जमींदोज कर दिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग तमाशबीन बनकर खड़े रहे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर के सार्वजनिक रास्तों पर किए गए किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



