इंटरपोल की चेतावनी के बाद जमशेदपुर में हाई अलर्ट, स्लीपर सेल नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

जमशेदपुर। इंटरपोल से मिली खुफिया जानकारी के बाद औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को मिले इनपुट के अनुसार, जिले में स्लीपर सेल नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है, जिसके बाद पुलिस और खुफिया विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
जिला पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो को संवेदनशील इलाकों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और औद्योगिक क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, इंटरपोल ने जमशेदपुर के आजादनगर निवासी सैयद मोहम्मद अर्शियान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। अर्शियान पिछले कई वर्षों से फरार है और उसके आतंकी संगठनों से जुड़े होने का संदेह है। जांच एजेंसियां उसे इस नेटवर्क का प्रमुख मान रही हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
जमशेदपुर की सुरक्षा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां टाटा स्टील और टाटा मोटर्स जैसी बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थित हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे प्रतिष्ठान हमेशा से संवेदनशील रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के होटलों, लॉज और संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सघन वाहन जांच अभियान भी शुरू किया गया है।
उल्लेखनीय है कि जमशेदपुर का नाम पहले भी अलकायदा जैसे संगठनों से जुड़े संदिग्धों के मामलों में सामने आता रहा है। इसी पुराने नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए एजेंसियां अब नए खतरों की जांच कर रही हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।



