पहले दिन शपथ प्रक्रिया में हिचकिचाहट: कई विधायकों को दोहरानी पड़ी शपथ

पटना। बिहार विधानसभा सत्र के प्रथम दिन शपथ ग्रहण के दौरान कई विधायकों से जल्दबाजी में गलतियाँ हुईं, जिन्हें प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने तत्काल सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने कई सदस्यों को उच्चारण और शपथ पत्र के सही पढ़ने की ओर ध्यान दिलाया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री और बेतिया विधायक रेणु देवी शपथ लेते समय गलती कर बैठीं और उन्हें दो बार में शपथ पूरी करनी पड़ी। वहीं, कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास तीन बार के प्रयास के बाद शपथ ग्रहण कर सके।
नवादा से विधायक और बाहुबली राजबल्लभ की पत्नी विभा देवी शपथ सही तरीके से नहीं पढ़ सकीं। उनके पास बैठीं मनोरमा देवी ने शपथ पत्र पढ़ने में मदद की। विभा देवी द्वारा ‘छुटकी पढ़ ना, बता ना’ कहने पर आसपास बैठे विधायक भी उनकी ओर मुड़कर देखते रहे।
वारसलीगंज से राजद विधायक और बाहुबली अशोक महतो की पत्नी अनिता कुमारी ने निर्धारित शपथ पत्र के स्थान पर दूसरा शपथ पत्र पढ़ने का प्रयास किया, जिस पर प्रोटेम स्पीकर ने उन्हें रोका। बाद में उन्होंने सही शपथ पत्र पढ़कर प्रक्रिया पूरी की। यह उनका सदन में पहला कार्यकाल है।
विधायक कृष्णनंदन पासवान ने ईश्वर और सत्य निष्ठा दोनों विकल्पों की एक साथ शपथ ली, जिस पर प्रोटेम स्पीकर ने आपत्ति जताई। निर्देश के बाद उन्होंने सुधार करते हुए एक विकल्प चुनकर शपथ पूरी की।



