छत्तीसगढ़ में गर्मी की दस्तक: रायपुर में पारा 33 डिग्री के पार, फरवरी के अंत तक 36 डिग्री पहुंचने के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है और राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। माह के अंतिम दिनों में पारा 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिम से पूर्व की ओर चलने वाली हवाओं के प्रभाव से दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में रायपुर का न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। लगातार तीसरे दिन रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी के अंतिम दिनों में गर्मी का असर तेज होने लगता है। फिलहाल दिन में गर्मी बढ़ रही है, जबकि रात में हल्की राहत मिल रही है। धीरे धीरे रात का तापमान भी बढ़ने लगेगा और ठंड की विदाई हो जाएगी। अंबिकापुर सहित उत्तरी क्षेत्रों में अभी ठंड का असर बना हुआ है और वहां मार्च के अंत तक ठंड रहने की संभावना है।
सोमवार को रायपुर में सुबह हल्की धुंध छाने के आसार हैं। दिन में तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और रात में 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।



