छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी, तापमान 44 डिग्री के करीब, कई इलाकों में हीटवेव के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर तेज हो गया है। एंटी साइक्लोन के प्रभाव से पिछले 24 घंटे में तापमान में करीब 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में पारा अब 44 डिग्री के करीब पहुंचने लगा है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है।
बुधवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। कुछ जगहों पर हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश से लेकर दक्षिण भारत तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके साथ ही कर्नाटक और आसपास के क्षेत्रों में एंटी साइक्लोन सक्रिय है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है।
इस वजह से प्रदेश के मध्य हिस्सों में तापमान अगले दो दिनों में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है। कुछ इलाकों में गर्म हवाएं चलने की भी संभावना है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। इससे गर्मी और बढ़ सकती है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।



