सूरजपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने देशभक्ति का संदेश दिया…

सूरजपुर। आजादी का अमृत महोत्सव और स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सूरजपुर में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कलेक्ट्रेट परिसर से रंगमंच तक आयोजित इस पैदल रैली में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर देशभक्ति का प्रेरणादायक संदेश दिया।
रैली में मंत्री राजवाड़े ने उत्साहपूर्वक तिरंगा हाथ में लेकर सहभागिता जताई। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आजादी हमें अनेक महान बलिदानों के बाद मिली है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा करे। उन्होंने सभी से अपील की कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है।
कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, विधायक भुलन सिंह मरावी, कलेक्टर एस. जयवर्धन, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
रैली के दौरान सूरजपुर के मुख्य मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंज उठे। स्कूली बच्चे, महिला समूह और युवा स्वयंसेवकों ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली का समापन रंगमंच पर राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहां सभी ने तिरंगे के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और निष्ठा को दोहराया।