प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का गरिमामय समापन: छत्तीसगढ़ अब प्रतिवर्ष करेगा मेजबानी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पंडित दीनदयाल आडिटोरियम रायपुर में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के समापन समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि अब इन खेलों का आयोजन प्रतिवर्ष छत्तीसगढ़ में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 दिनों में राज्य में जो ऊर्जा देखने को मिली, उसने पूरे देश का ध्यान खींचा है। यह आयोजन आदिवासी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने में मील का पत्थर साबित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विजन से छत्तीसगढ़ को इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी का गौरव मिला। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का खेलों से सदियों पुराना नाता है और यहाँ के युवाओं में निहित अपार ऊर्जा को सही मंच मिलने पर वे वैश्विक स्तर पर पहचान बना सकते हैं। इस प्रतियोगिता में देशभर के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
पदक तालिका में कर्नाटक ने प्रथम, ओडिशा ने द्वितीय और झारखंड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने इन राज्यों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। छत्तीसगढ़ ने कुल 19 पदक जीते, जिनमें 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने तैराकी में अनुष्का भगत, निखिल खलखो, न्यासा पैकरा, एथलेटिक्स में सिद्धार्थ नागेश और वेटलिफ्टिंग में निकिता के प्रदर्शन की सराहना की। साथ ही स्वर्ण पदक विजेता बालिका फुटबॉल टीम और कांस्य पदक विजेता बालक हॉकी टीम को भी प्रोत्साहित किया।
खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु मुख्यमंत्री ने नगद पुरस्कारों की घोषणा की। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक विजेता को 2 लाख, रजत को 1.5 लाख और कांस्य पदक विजेता को 1 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। दलीय स्पर्धाओं के लिए यह राशि क्रमशः 1 लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव ने सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित कीं। मुख्य सचिव श्री विकास शील ने बताया कि प्रतियोगिता में 2000 से अधिक जनजातीय खिलाड़ियों और अधिकारियों ने भाग लिया।
समारोह में अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज मैरीकॉम और फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, विभागीय सचिव श्री यशवंत कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन करेंगे।




