लोरमी में खुले में फेंकी मिलीं सरकारी दवाइयां, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप, सीएमएचओ ने दिए जांच के निर्देश

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की एक बड़ी लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है। यहां छत्तीसगढ़ शासन के लोगो लगी भारी मात्रा में सरकारी दवाइयां बोड़तरा-पथर्रा मार्ग पर लावारिस हालत में फेंकी हुई मिली हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही जिला स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
सड़क किनारे सरकारी दवाओं का इस तरह मिलना न केवल संसाधनों की बर्बादी को दर्शाता है, बल्कि यह आम जनमानस, बच्चों और मवेशियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. शीला शाहा ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने लोरमी के खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) को इस प्रकरण की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने के कड़े निर्देश दिए हैं।
सीएमएचओ ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर संचालित दवा भंडारों के स्टॉक रजिस्टर का भौतिक सत्यापन किया जाएगा, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि ये दवाइयां किस केंद्र से और किन परिस्थितियों में बाहर निकाली गईं। उन्होंने चेतावनी दी है कि सरकारी दवाओं के निस्तारण के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले दोषियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी दवाओं का इस प्रकार खुले में पाया जाना स्वास्थ्य विभाग के भंडारण प्रबंधन और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि इस लापरवाही के लिए कौन से अधिकारी या कर्मचारी जिम्मेदार हैं।




