एंड्रॉइड यूजर्स की सुरक्षा के लिए गूगल सख्त, डेटा चोरी करने वाले साढ़े सत्रह लाख ऐप्स पर की कार्रवाई

नई दिल्ली। Google ने एंड्रॉइड इकोसिस्टम की सुरक्षा बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए 17.5 लाख से अधिक फर्जी ऐप्स पर कार्रवाई की है। ये ऐप्स Google Play Store की नीतियों का उल्लंघन कर रहे थे। कंपनी ने अपने आधिकारिक ब्लॉग में बताया कि कई ऐप्स यूजर्स की प्राइवेसी के लिए खतरा बन रहे थे। साथ ही 80 हजार डेवलपर्स के अकाउंट भी बंद कर दिए गए।
यूजर्स तक पहुंचने से पहले रोके गए
कंपनी के अनुसार बैन किए गए ऐप्स में मालवेयर, हिडन सब्सक्रिप्शन और फाइनेंशियल फ्रॉड से जुड़े खतरे पाए गए। इन्हें यूजर्स तक पहुंचने से पहले ही प्ले स्टोर से हटा दिया गया। पहचान के लिए एआई आधारित गूगल प्ले प्रोटेक्शन टूल का उपयोग किया गया।
एआई ने रोकी डेटा चोरी
19 फरवरी को जारी सुरक्षा अपडेट में कंपनी ने बताया कि 2,55,000 ऐप्स को संवेदनशील डेटा चोरी करने से रोका गया। कई डेवलपर बार-बार नियम तोड़ते पाए गए, जिसके चलते उनके अकाउंट स्थायी रूप से बंद किए गए।
सुरक्षित हुआ एंड्रॉइड प्लेटफॉर्म
Android की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कंपनी ने प्राइवेसी नियम सख्त किए हैं और लगातार मॉनिटरिंग शुरू की है। एंटी-स्पैम सिस्टम अपग्रेड कर 16 करोड़ से अधिक फर्जी रेटिंग और रिव्यू भी ब्लॉक किए गए। अब एआई आधारित रिव्यू सिस्टम ऐप को शुरुआती डेवलपमेंट चरण में ही जांचकर मालवेयर और स्पाइवेयर की पहचान कर लेता है।



