सुशासन तिहार: आम के पेड़ की छांव में खाट पर बैठे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ग्रामीणों से सीधा संवाद कर की बड़ी घोषणाएं

मरवाही। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा पहुंचे। यहां उन्होंने आम के पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री ने गांव के लोगों की समस्याएं सुनीं और शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी ली।

जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने बिजली, पानी, सड़क, राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि 1 मई से 10 जून तक पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार आयोजित किया जा रहा है, ताकि शासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर सके।
ग्रामीणों और मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने जिले में नर्सिंग कॉलेज, ग्राम निमधा में मिनी स्टेडियम और सर्वसमाज के लिए विशाल मंगल भवन की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही तीनों मांगों को स्वीकृति देते हुए बड़ी घोषणा की।
बिजली आपूर्ति की समस्या सामने आने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जवाब तलब किया और स्थायी समाधान के निर्देश दिए। वहीं राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और लखपति दीदियों से भी संवाद किया। उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अब लक्ष्य केवल लखपति नहीं, बल्कि करोड़पति दीदी बनना होना चाहिए। महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके परिवार और बच्चों की शिक्षा में सहायक साबित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में जारी की गई है। साथ ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति से ग्रामीण क्षेत्रों में आवास सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही सीएम हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जहां नागरिक टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
कार्यक्रम में बिहान समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विष्णु भोग चावल, ब्लैक राइस, शहद, पापड़ और लड्डू भेंट किए। मुख्यमंत्री ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया और महिलाओं की सफलता की कहानियों पर आधारित ‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।



