सोना 2,840 रुपये और चांदी 8,040 रुपये सस्ती, लगातार चौथे दिन टूटा गोल्ड का भाव

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोना लगातार चौथे कारोबारी सत्र में कमजोर हुआ और 2,840 रुपये टूटकर 1,50,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,53,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट देखने को मिली। शुक्रवार को चांदी 8,040 रुपये लुढ़ककर 2,40,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। यह पिछले दो महीने से अधिक समय का निचला स्तर माना जा रहा है। इससे पहले चांदी 2,48,740 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकी डॉलर की मजबूती का असर कीमती धातुओं पर साफ दिखाई दे रहा है। जब डॉलर मजबूत होता है तो निवेशकों का रुझान सोने और चांदी से हटकर डॉलर आधारित निवेश की ओर बढ़ जाता है। यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों से सर्राफा बाजार में लगातार गिरावट का माहौलबना हुआ है।
कमोडिटी मार्केट से जुड़े जानकारों का कहना है कि अमेरिका में ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बने रहने की संभावना भी सोने की मांग को प्रभावित कर रही है। निवेशक फिलहाल सुरक्षित निवेश के अन्य विकल्पों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी पर दबाव बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने की कीमत करीब 1.44 प्रतिशत गिरकर 4,148.45 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं चांदी भी 1.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 64.73 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करती दिखी।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां, अमेरिका की मौद्रिक नीति और अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रम आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों की दिशा तय करेंगे। फिलहाल बाजार में सतर्कता का माहौल है और निवेशक हर बड़े आर्थिक संकेत पर नजर बनाए हुए हैं।
यदि यह गिरावट आगे भी जारी रहती है तो त्योहारों और शादी के सीजन से पहले खरीदारों के लिए राहत की स्थिति बन सकती है।



