सारंगढ़ में पुलिस वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार घायल, कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा

सारंगढ़–बिलाईगढ़। मंगलवार को कलेक्ट्रेट चौक बिलासपुर रोड पर हुए एक सड़क हादसे के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। एक पुलिस वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और दो बैरिकेट्स को तोड़ते हुए डिवाइडर से जा टकराया। स्कूटी और कार, दोनों पर पुलिस लिखा होना लोगों के लिए हैरानी का कारण बना। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वाहन चला रहा पुलिस अधिकारी नशे की हालत में था।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी वाहन चला रहे अधिकारी को पुलिस वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए, जिससे मामले को दबाने के प्रयास के आरोप लगे और आक्रोश और बढ़ गया। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया।
आक्रोशित लोगों ने दोषी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, मेडिकल जांच कराने, वाहन जब्त करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस घटना ने पुलिस की जवाबदेही और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



