रायपुर में गैंगवार: पुरानी रंजिश में चाकूबाजी से दहला गांधीनगर इलाका

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू है, लेकिन इसके बावजूद लूटपाट, चाकूबाजी और मारपीट जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी बीच कालीबाड़ी के गांधीनगर इलाके में देर रात चाकूबाजी की घटना से दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। गांधीनगर इलाके में अभिषेक सोनी और विक्रम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और विक्रम ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक सोनी को दौड़ा लिया। आरोप है कि इस दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी में विवाद के पीछे गांजा कारोबार से जुड़ी पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि गांधीनगर क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रवि साहू फिलहाल गांजा तस्करी के मामले में 10 वर्ष की सजा काट रहा है और जगदलपुर जेल में बंद है। वहीं नेहरू नगर निवासी मुकेश बनिया भी इसी मामले में रायपुर जेल में निरुद्ध है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के लोगों में घटना के बाद से भय का माहौल बना हुआ है।


