ईंधन की कमी और बढ़ती कीमतों ने बढ़ाई मुश्किल, सरकार ने रात में बाजार बंद करने का दिया आदेश

इस्लामाबाद। Shehbaz Sharif के नेतृत्व वाली पाकिस्तान सरकार ने ऊर्जा संकट के चलते देश में रात के समय लॉकडाउन लागू करने का फैसला लिया है। यह निर्णय 7 अप्रैल से लागू किया गया है, जिसके तहत रात 8 बजे के बाद बाजार और मॉल बंद कर दिए जाएंगे।
सरकार के अनुसार, यह कदम वैश्विक ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी और मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के प्रभाव को देखते हुए उठाया गया है, जिससे ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है। नए निर्देशों के तहत शादियों और अन्य समारोहों को भी रात 10 बजे तक समाप्त करना अनिवार्य होगा।
यह निर्णय इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में लिया गया। इसके तहत पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद राजधानी क्षेत्र, गिलगित-बाल्टिस्तान और पीओके में बाजारों, शॉपिंग मॉल और व्यावसायिक गतिविधियों को रात 8 बजे बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, खैबर पख्तूनख्वा के कुछ प्रमुख शहरों में बाजार रात 9 बजे तक खुले रह सकेंगे।
सरकार ने राहत के रूप में गिलगित और मुजफ्फराबाद में एक महीने के लिए मुफ्त इंटरसिटी सार्वजनिक परिवहन सुविधा देने की घोषणा की है। इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की प्रांतीय सरकारें भी ऊर्जा बचत के लिए इसी तरह के कदम उठा चुकी हैं।
नए नियमों के अनुसार, बेकरी, रेस्तरां, मैरिज हॉल और अन्य आयोजन स्थल भी रात 10 बजे के बाद बंद रहेंगे। निजी परिसरों और घरों में भी रात 10 बजे के बाद शादी समारोह आयोजित करने पर रोक लगाई गई है। हालांकि, मेडिकल स्टोर और फार्मेसी को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।



