खेल के मैदान से अस्पताल तक: कांकेर में तैनात सशस्त्र सीमा बल के जवान ने गंवाई जान

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से दुखद खबर सामने आई है। नक्सल मोर्चे पर तैनात एसएसबी जवान नवीन कुमार की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार जवान कैंप परिसर में वॉलीबॉल खेल रहे थे। खेल खत्म होने के लगभग पांच मिनट बाद उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और उनकी हालत अचानक खराब हो गई। साथियों द्वारा उन्हें तुरंत उपचार के लिए अंतागढ़ अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि नवीन कुमार एसएसबी की 28वीं वाहिनी में पदस्थ थे और अंतागढ़ के गोड़बिनापाल कैंप में तैनात थे। वे मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम और विभागीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर को गृह ग्राम भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद कैंप और परिवार में शोक का माहौल है।



