फोन कॉल के जरिए लाखों डॉलर की धोखाधड़ी: भारतीय मूल के कल्पेश पटेल के खिलाफ अमेरिका में लुकआउट नोटिस

वॉशिंगटन। अमेरिका की जांच एजेंसी Federal Bureau of Investigation ने एक भारतीय नागरिक को अपनी वॉन्टेड सूची में शामिल किया है। एजेंसी कल्पेशकुमार रसिकभाई पटेल उर्फ केनी पटेल की तलाश कर रही है, जिस पर बड़े स्तर पर धोखाधड़ी करने का आरोप है।
एफबीआई के अनुसार, पटेल ने वर्ष 2017 से 2021 के बीच फोन कॉल के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया। वह पीड़ितों को यह कहकर डराता था कि उनकी पहचान या निजी जानकारी किसी आपराधिक मामले से जुड़ सकती है और इससे बचने के लिए उन्हें पैसे ट्रांसफर करने होंगे।
जांच में सामने आया है कि पीड़ितों से नकद और प्रीपेड डेबिट कार्ड के माध्यम से रकम अमेरिका के विभिन्न पतों पर मंगवाई गई। इस पूरी साजिश के जरिए लाखों डॉलर की ठगी की गई।
एजेंसी का मानना है कि करीब 35 वर्षीय आरोपी इलिनोइस और पेंसिल्वेनिया के बीच कहीं छिपा हो सकता है। वह पहले एक फ्यूल स्टेशन पर अटेंडेंट के रूप में काम करता था और अब गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा है।
पटेल के खिलाफ केंटकी के लंदन स्थित अमेरिकी जिला अदालत ने 22 जून 2023 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर मेल और वायर फ्रॉड की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप हैं।
एफबीआई ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास आरोपी के बारे में कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत नजदीकी एफबीआई कार्यालय या अमेरिकी दूतावास से संपर्क करें। एजेंसी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि डर या दबाव बनाकर पैसे मांगने वाले फोन कॉल से सावधान रहें।


