दुर्ग में फ्लैट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

दुर्ग। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने फ्लैट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कांतीलाल बोथरा की मां समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया गया कि मां के निधन के बाद उनके दायित्वों का निर्वहन करने के कारण कांतीलाल बोथरा को भी आरोपियों में शामिल किया गया है।
मामले के अनुसार, मेसर्स रिद्धि सिद्धि बिल्डर ने निवेश के बदले फ्लैट देने और निर्माण पूरा होने तक राशि पर ब्याज देने का वादा किया था। इस भरोसे पर प्रार्थी पक्ष के चार लोगों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 24.5 लाख रुपये जमा किए। आरोप है कि कुछ समय तक ब्याज देने के बाद आरोपियों ने न तो रकम लौटाई और न ही फ्लैट निर्माण कर सौंपा।
इस मामले में प्रार्थी रितेश जैन ने अपनी पत्नी आरती जैन और रिश्तेदार पदम जैन, रेणु देवी जैन तथा रुपाली जैन के माध्यम से न्यायालय में परिवाद दायर किया था। मामले की सुनवाई के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राहुल सोरी की अदालत ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
शिकायत में रूपेश जैन, विश्वास गुप्ता, मनीष शर्मा, सजल जैन, अमृता खंडेलवाल और कमला देवी बोथरा को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



