जगदलपुर में अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, पुलिस ने सीसीटीवी और वॉकी-टॉकी के सुराग से दबोचा

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने शहर में हुई दो बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन शातिर चोरों ने 29 जनवरी की शाम कोतवाली थाना क्षेत्र की सनसिटी और बोधघाट क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी स्थित दो सूने मकानों को निशाना बनाया था। आरोपियों ने महज दो घंटे के भीतर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए थे।
पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने बेहद शातिराना तरीका अपनाया था। चोरी के दौरान आपसी संपर्क के लिए उन्होंने मोबाइल फोन के बजाय वॉकी-टॉकी का उपयोग किया ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। हालांकि, बस्तर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों पर काम करते हुए शहर के विभिन्न स्थानों के लगभग 400 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हो सकी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए विशाखापट्टनम भाग गए थे। पुलिस की विशेष टीम लगातार उनका पीछा कर रही थी। जब आरोपी विशाखापट्टनम से बस्तर के रास्ते वापस रायपुर जाने की फिराक में थे, तभी घेराबंदी कर उन्हें जगदलपुर के पास गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों में पंजाब निवासी अभिषेक खंडारा, हरियाणा निवासी विशाल वाल्मीकि, भिलाई निवासी नरेंद्र सिंह और दुर्ग निवासी विक्की कुमार वर्मा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।



