पूर्व अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री का बड़ा फैसला: नई राजनीतिक शक्ति के साथ सरकार की नीतियों को देंगे चुनौती

बरेली। सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री ने जल्द नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की है। इस संबंध में शुक्रवार को राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ की बैठक आयोजित हुई, जिसमें वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक में उन्होंने एससी-एसटी एक्ट, यूजीसी एक्ट और बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज अपने हितों की रक्षा के लिए शीघ्र ही नई राजनीतिक पार्टी का गठन करेगा।
अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेता टिकट कटने के डर से जनहित के मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने बांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण का विरोध करते हुए कहा कि इसे नहीं बनाया जाना चाहिए। बैठक के माध्यम से सवर्ण समाज ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी हुई तो वे राजनीतिक ताकत के जरिए जवाब देंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए अग्निहोत्री ने सरकार की नीतियों की आलोचना की और संबंधित कानूनों को काला कानून बताया। उन्होंने कहा कि यदि यूजीसी कानून वापस नहीं लिया गया तो आगामी चुनावों में कमल का फूल जनता की बड़ी भूल साबित होगा।
उन्होंने सरकार को छद्म सनातनी बताते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र कमजोर हुआ है और कॉर्पोरेट व्यवस्था हावी है। साथ ही दावा किया कि जिस तरह भाजपा अयोध्या में हारी, उसी प्रकार आने वाले समय में काशी, मथुरा और वृन्दावन में भी उसे हार का सामना करना पड़ेगा।



