पूर्व विधायक गुलाब कमरो हाउस अरेस्ट: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई, मनेन्द्रगढ़ में बढ़ा सियासी तनाव

मनेन्द्रगढ़. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव के आगमन से पूर्व शहर का राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया है। संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पूर्व विधायक गुलाब कमरो को हाउस अरेस्ट कर लिया। जानकारी के अनुसार, वह भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को काला झंडा दिखाने की तैयारी में थे।
पूर्व विधायक के साथ ही कई अन्य कांग्रेस नेताओं को भी पुलिस ने घर से हिरासत में लिया। बताया जाता है कि बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यक्रम के विरुद्ध प्रदर्शन की योजना बना रहे थे, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने अग्रिम कार्रवाई की। कांग्रेस का आरोप है कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए नेताओं को रोका जा रहा है।
भाजपा जिला कार्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव मनेन्द्रगढ़ पहुंच रहे हैं। इसी कार्यक्रम के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हो रहे थे। कांग्रेस ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई अनुचित है और लोकतांत्रिक विरोध के अधिकार को कुचला जा रहा है।
कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पुलिस-प्रशासन सतर्क है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और मुख्य मार्गों पर पुलिस बल तैनात है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित टकराव को रोका जा सके।
भाजपा के भूमि पूजन कार्यक्रम से पहले हुए विरोध और हिरासत की कार्रवाई ने मनेन्द्रगढ़ का सियासी तापमान काफी बढ़ा दिया है। प्रदेशाध्यक्ष के आगमन के साथ स्थिति और अधिक संवेदनशील होती जा रही है।



