मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव, छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को निखारने पर हुई चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज नया रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कपिल देव का छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध बेल मेटल कला से निर्मित प्रतिकृति और पुण्यभूमि छत्तीसगढ़ कॉफी टेबल बुक भेंट कर अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री और कपिल देव के बीच प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेल संस्कृति को मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।
पूर्व कप्तान कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में खेल और विकास के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान माहौल में प्रदेश की प्रतिभाओं को उत्कृष्ट अवसर प्राप्त होंगे और छत्तीसगढ़ एक समृद्ध व विकसित राज्य के रूप में उभरेगा। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित थे।



