रायपुर में महिला आरक्षक ने दी जान: आजाद चौक स्थित पुलिस क्वार्टर में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना परिसर में स्थित पुलिस क्वार्टर में एक महिला आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पूजा कुशवाहा के रूप में हुई है, जिसका शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस क्वार्टर में मिला शव
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 8:30 बजे की है। थाने में सूचना मिली कि क्वार्टर के भीतर एक महिला का शव फंदे से लटका है। खबर मिलते ही आजाद चौक पुलिस और एफएसएल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
आत्महत्या की आशंका, जांच जारी
शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है। महिला आरक्षक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और समय की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल मृतका के परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है।



