12.50 लाख की चोरी में पिता-पुत्र गिरफ्तार, पुराने मकान और खेत के बोर कमरे से मिले 11.53 लाख

कवर्धा। घर से 12.50 लाख रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और लगातार पतासाजी के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझगांव का है। यहां रहने वाले हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर आलमारी के लॉकर में रखे 12.50 लाख रुपए चोरी कर ले गया। घटना के दौरान परिवार के लोगों ने चेहरे पर गमछा बांधे एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते देखा था।

छत के रास्ते घर में किया था प्रवेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी कमलेश पटेल (19) ने अपने पुराने मकान की छत के रास्ते हीरालाल के घर में प्रवेश किया था। गणेश चतुर्थी के कारण गांव में लोगों की आवाजाही कम होने का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
चोरी के कुछ रकम आरोपियों ने कर दिया है खर्च
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की रकम अपने पिता भागवत पटेल (50) को बताने की बात स्वीकार की। इसके बाद रकम को पुराने मकान, खेत में बने बोर के कमरे और फिर घर की आलमारी में छिपाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर 11.53 लाख रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार कुछ रकम आरोपियों ने खर्च कर दिया है। दोनों आरोपियों को 29 सितंबर को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



