मुलायम परिवार में पारिवारिक विवाद, प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव से तलाक का किया ऐलान

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के परिवार में एक बार फिर पारिवारिक विवाद सामने आया है। मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी अपर्णा यादव को तलाक देने का ऐलान किया है। प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई हैं।
प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी दी। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपर्णा यादव की तस्वीर साझा करते हुए तलाक लेने की बात कही और पारिवारिक संबंधों में तनाव का आरोप लगाया। पोस्ट में उन्होंने मानसिक तनाव का जिक्र भी किया है।
उल्लेखनीय है कि अपर्णा यादव पहले समाजवादी पार्टी से जुड़ी रही हैं, लेकिन बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। वर्तमान में वह बीजेपी की नेता हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। वह चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहे हैं। वह मुख्य रूप से व्यवसाय से जुड़े हैं और अपनी हाई प्रोफाइल जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं। इसके विपरीत अपर्णा यादव राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
प्रतीक और अपर्णा यादव की एक बेटी भी है। खबर लिखे जाने तक प्रतीक यादव के सोशल मीडिया पोस्ट पर अपर्णा यादव की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



