सिगड़ी के धुएं से उजड़ गया परिवार, जहरीली गैस ने ली तीन जान

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रपुर गांव की है, जहां पति-पत्नी और उनकी तीन वर्षीय बच्ची मृत पाए गए।
दम घुटने से हुई मौत
जानकारी के अनुसार कवल, उसकी पत्नी कुन्ती और तीन वर्षीय बच्ची ममता प्रधानमंत्री आवास के एक कमरे में सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में थे। ठंड से बचने के लिए कमरे के अंदर सिगड़ी में कोयला जलाया गया था। सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर जाने पर तीनों अचेत मिले और उनकी मौत हो चुकी थी। प्राथमिक तौर पर कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है।
घर में वेंटिलेशन नहीं था
जिस कमरे में परिवार सो रहा था वहां कोई खिड़की या रोशनदान नहीं था, जिससे धुआं बाहर नहीं निकल सका। कोयला जलने से निकली जहरीली गैस कमरे में भर गई और यह हादसा हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की जा रही है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से बंद कमरे में अंगीठी या सिगड़ी जलाकर न सोने की अपील की है और इसे जानलेवा बताया है।



