सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री ब्लास्ट: एक श्रमिक की मौत, तीन घायल

धरसीवा। रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा फेस वन में स्थित एक फैक्ट्री में शनिवार शाम ब्लास्ट होने से एक श्रमिक की मौत हो गई तथा तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बढ़ती औद्योगिक दुर्घटनाओं पर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू राजेंद्र बंजारे ने सरकार से सवाल उठाते हुए पूछा कि इन घटनाओं पर कब लगाम लगेगी।
सूत्रों के अनुसार, घटना शाम करीब पांच बजे की है। फैक्ट्री में शटडाउन के दौरान पावर प्लांट के पास कार्य चल रहा था, तभी अचानक ब्लास्ट हुआ। इसकी चपेट में आए चार श्रमिक बुरी तरह झुलस गए। मृतक की पहचान कृष्णा पूरी गोस्वामी पुत्र सिद्धेश पूरी गोस्वामी, निवासी आजाद पारा तखतपुर के रूप में हुई है। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल तीन श्रमिकों को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना ने फैक्ट्री में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या श्रमिक असुरक्षित तरीके से खतरनाक कार्य कर रहे थे तथा क्या उन्हें पर्याप्त एवं मूल आईएसआई मार्का सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे, यह जांच का विषय है। उद्योग प्रबंधन तथा औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की भूमिका भी कटघरे में है।
गौरतलब है कि उक्त फैक्ट्री में इससे पूर्व भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसी वर्ष अगस्त में यहां हुए एक हादसे में गिरौद निवासी एक श्रमिक की मौत हुई थी। तब ग्रामीणों ने पूरे दिन फैक्ट्री के सामने धरना-प्रदर्शन किया था, लेकिन बाद में समझौते के बाद न तो पोस्टमार्टम हुआ और न ही पुलिस में मामला दर्ज किया गया।



