राज्य के प्रशासनिक ढांचे में विस्तार: दो दिनों में 9 अधिकारियों को मिला आईएएस अवार्ड

रायपुर। मंगलवार और बुधवार का दिन छत्तीसगढ़ के लिए अहम रहा। इन दो दिनों में राज्य को कुल 9 नए आईएएस अधिकारी मिले हैं। मंगलवार को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के सात अधिकारियों को आईएएस अवार्ड देने का आदेश जारी किया था। बुधवार को अन्य सेवा वर्ग के दो अधिकारियों के नाम पर भी मुहर लगा दी गई।
जारी आदेश के अनुसार अन्य सेवा वर्ग से ऋषभ कुमार पराशर और तरूण कुमार किरण को आईएएस अवार्ड प्रदान किया गया है। इस संबंध में भारत सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है।
अधिसूचना में उल्लेख किया गया है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा भर्ती नियम 1954 के नियम 8(2), भारतीय प्रशासनिक सेवा चयन द्वारा नियुक्ति विनियम 1997 के विनियम 8 तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा परिवीक्षा नियम 1954 के नियम 3 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ की गैर राज्य सिविल सेवा के इन अधिकारियों को वर्ष 2024 की चयन सूची के अंतर्गत उपलब्ध रिक्तियों के विरुद्ध भारतीय प्रशासनिक सेवा में परिवीक्षा पर नियुक्त करने की स्वीकृति दी है। साथ ही उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा कैडर नियम 1954 के नियम 5(1) के तहत छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित किया गया है।



