नशे के नेटवर्क पर ‘एंड टू एंड’ प्रहार: अब तस्करों को पकड़ने के साथ उनकी अवैध संपत्ति भी कुर्क करेगी स्पेशल टीम

बिलासपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की नई टीम का गठन किया गया है। यह टीम सीएसपी निमितेश सिंह की निगरानी में कार्य करेगी। टीम की कमान निरीक्षक अनिल अग्रवाल को सौंपी गई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने हेड कांस्टेबल समेत नौ आरक्षकों को टीम में शामिल किया है।
एनडीपीएस मामलों में एंड टू एंड कार्रवाई
गठित टीम को गांजा, नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों से जुड़े बड़े नेटवर्क और गिरोहों के खिलाफ सूचना संकलन और सख्त कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है। एनडीपीएस से जुड़े मामलों में टीम एंड टू एंड कार्रवाई करेगी। बड़े तस्करों, सप्लायरों और स्थानीय स्तर पर नशे की खेप खपाने वालों की आय और संपत्ति की जानकारी भी टीम स्वयं एकत्र करेगी। इसके लिए टीम को नारकोटिक्स एक्ट के तहत आवश्यक अधिकार प्रदान किए गए हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह के जिले की कमान संभालने के बाद नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशीली दवाओं के किंगपिन सुच्चा सिंह, ट्रेनों के जरिए गांजा सप्लाई करने वाले जीआरपी के जवान और गांजा व अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। एनडीपीएस मामलों में संपत्ति जब्ती के मामले में बिलासपुर जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। अब तक 19 से अधिक आरोपियों की 8 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।
टीम में ये अधिकारी और कर्मचारी शामिल
नई टीम में निरीक्षक अनिल अग्रवाल, उप निरीक्षक कमलेश बंजारे, हेड कांस्टेबल देवमुन सिंह पुहूप, आतिश पारिक तथा आरक्षक अविनाश कश्यप, अभिजीत डाहिरे, प्रेमलाल सूर्यवंशी, रविशंकर यादव और निखिल राव जाधव को शामिल किया गया है।



