तुर्कमान गेट इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, पथराव की घटना पर पुलिस ने संभाला मोर्चा

नई दिल्ली। राजधानी के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने को लेकर दिल्ली नगर निगम ने बुधवार तड़के कार्रवाई की। दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश के बाद रामलीला मैदान के समीप स्थित इस क्षेत्र में अवैध ढांचों को हटाने के लिए अभियान चलाया गया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान करीब 17 बुलडोजर लगाए गए। नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को हटाया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, पूरे क्षेत्र को नौ जोन में विभाजित किया गया था और प्रत्येक जोन की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारियों द्वारा की जा रही थी। सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि अभियान से पहले शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अमन कमेटी के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय बैठकें की गई थीं। इसके बावजूद कुछ शरारती तत्वों ने पथराव कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया।



